बहराइच में हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई है. इसको लेकर सीएम ने DGP प्रशांत कुमार, ADG LO अमिताभ यश, ACS Home दीपक कुमार और Home Secretary संजीव गुप्ता को बुलाकर पूरी जानकारी ली है. CM के साथ बहराइच मामले पर आधे घंटे तक चली बैठक में विस्तार से बात हुई.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बहराइच दंगे को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई. इस दौरान बैठक में डीजीपी प्रशांत कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश, एसीएस होम दीपक कुमार और होम सेक्रेटरी संजीव गुप्ता मौजूद रहे. लगभग आधे घंटे तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने बहराइच में हुए दंगे और उस दौरान बरती गई लापरवाहियों पर अधिकारियों से गहन जानकारी ली.
रिपोर्ट में यह बताया गया है कि दंगे के दौरान पुलिस अफसर दंगों को नियंत्रित करने में असफल क्यों रहे, साथ ही यह भी बताया गया है कि घटनास्थल पर देर से पहुंचने वाले अधिकारी कौन थे और मौके से पुलिस फोर्स लेकर कुछ अधिकारी 2 किलोमीटर दूर क्यों खड़े थे? एक अहम सवाल यह भी था कि जब फसाद शुरू हुआ तो एक अधिकारी दुकान में छिपकर क्यों बैठ गया?

